सहारनपुर , अक्टूबर 06 -- सहारनपुर जिले के कस्बा देवबंद में इंस्टाग्राम पर चार महीने पहले हुई दोस्ती के बाद हरिद्वार से पहुंची बिजनौर की युवती ने एक युवक समेत चार लोगों पर पहचान छिपाकर बुलाने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए देवबंद कोतवाली में आज मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस के मुताबिक बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी युवती ने अपनी शिकायत में कहा कि चार महीने पर इंस्टाग्राम के जरिए उसकी आर्यन नामक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो वे वाट्सअप काल पर भी बातचीत करने लगे। युवती के मुताबिक युवक की भाभी भी उसे मोबाइल पर काल करती थी। कालर आईडी पर उसका नाम तान्या सिंह दिखाई देता था।

युवती के मुताबिक तीन अक्टूबर को युवक ने फोन कर उसे देवबंद बुलाया। वह हरिद्वार से देवबंद पहुंची और शाम के समय सहारनपुर-मुजफ्फरनगर रोड़ पर बने फ्लाईओवर पर पिलर नंबर-60 के पास युवक से उसकी मुलाकात हुई और वह उसे बाइक पर बैठाकर एक मकान पर ले गया। जहां पहुंचने पर उसे पता चला कि जिसे वह आर्यन समझ रही थी उसका नाम अमजद पुत्र खुर्शीद निवासी मोहल्ला गद्दीवाड़ा का है।

बदली परिस्थितियों से युवती घबराकर वापस जाने लगी तो युवक ने उसे तरह-तरह के प्रलोभन देने की कोशिश की। उसी दौरान तीन अन्य युवक इरशाद पुत्र नौशाद, शोएब पुत्र अब्दुल हमीद निवासीगण मोहल्ला फौलादपुरा और युनूस पुत्र एजाज मोहल्ला दीवान गेट भी वहां पहुंचे और चारों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। किसी तरह से वह वहां से निकलकर देवबंद थाने पहुंची।

एसपी देहात मयंक पाठक ने आज देर शाम बताया कि युवती की शिकायत पर चारों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित