पिथौरागढ़ , अक्टूबर 22 -- साइबर ठगी के एक मामले में वांछित आरोपी को उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के इंदौर-रीवा से गिरफ्तार किया है। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर आरोपी ने 7.38 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इसी साल 16 जनवरी को वादी विशाल भट्ट ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी थी कि इंस्टाग्राम पर फर्जी डीएलएफ आईडी बनाकर उनसे 7,38,881 रुपये की ठगी की गई। तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 के तहत मामला दर्ज किया गया।

विवेचना में अभिषेक तिवारी, निवासी ग्राम भड़रा, थाना अतरैला, जिला रीवा (मध्य प्रदेश) की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि उसने ठगी की रकम में से 4,50,000 रुपये अपने फेडरल बैंक खाते में प्राप्त किए थे।

आरोपी फरार हो गया था। अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया था।

पिथौरागढ़ के कोतवाल ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से तकनीकी और मैनुअल इनपुट जुटाए और आरोपी को इंदौर-रीवा क्षेत्र से दबोच लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित