गोरखपुर , अगस्त 06 -- उत्तर प्रदेश कैडर के 2009 बैच के आईएएस अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर के नवागत मंडलायुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया।

श्री सिंह पदभार ग्रहण करते ही साफ संकेत दिया कि उनका पूरा फोकस विकास परियोजनाओं को गति देने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप योजनाओं को जमीन पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि आम जनता को उसका सीधा लाभ मिल सके।

श्री सिंह ने कहा कि गोरखपुर एक अत्यंत महत्वपूर्ण जनपद है, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद भी है। ऐसे में यहां प्रशासनिक जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न विभागों की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं चल रही हैं, जिन्हें तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें की जाएंगी और जहां भी किसी प्रकार की बाधा सामने आएगी, उसे तत्काल दूर किया जाएगा।

उन्होंने गोरखपुर की धार्मिक और पर्यटन महत्ता का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर न केवल प्रदेश बल्कि देश-विदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना, यातायात, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंडलायुक्त ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

श्री सिंह ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही प्रशासन की कार्यशैली का मूल आधार होगी। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना भी प्रशासन की प्राथमिकता में रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित