बैतूल , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिला पुलिस से महाराष्ट्र के नांदेड़ ग्रामीण थाना क्षेत्र में पूर्व सैनिक इंद्रजीत सिंह बावरी की धारदार हथियारों से हत्या के मामले में सिख-सिकलीगर समाज ने निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ऑल सिख-सिकलीगर एसोसिएशन मध्यप्रदेश और जनमानस कल्याण संस्थान के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बैतूल पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष सतनाम सिंह बावरी और प्रदेश प्रवक्ता चंदन सिंह बग्गा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित संबंधित अधिकारियों तक मांग पहुंचाने का आग्रह किया गया। इस दौरान जनमानस कल्याण संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष किशोर धोटे सहित समाज के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
ज्ञापन के अनुसार करीब 25 वर्षीय इंद्रजीत सिंह, ऑल सिख-सिकलीगर एसोसिएशन भारत के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलजीत सिंह बावरी के पुत्र थे। मोटरसाइकिल जब्ती को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हें कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद करीब आठ हमलावर चार मोटरसाइकिलों से पहुंचे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें इंद्रजीत सिंह की मौत हो गई।
समाज ने मामले में कथित के.बी. गैंग की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। ज्ञापन में कैलाश बिधानिया, नितिन बिधानिया और ज्योति बिधानिया से जुड़े इस गैंग के नांदेड़ क्षेत्र में सक्रिय होने तथा पूर्व में आपराधिक मामलों में नाम सामने आने का दावा किया गया है।
ज्ञापन में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड की वैज्ञानिक जांच कराने, पीड़ित परिवार एवं गवाहों को सुरक्षा देने, दोषियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की गई है। समाज ने चेतावनी दी कि शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित