इंदौर , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के इंदौर में बुधवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड का शिकार बने पुगलिया परिवार के सदस्यों से आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुलाकात करते हुए परिजन को सांत्वना दी।
डॉ यादव स्थानीय बंगाली चौराहे स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्सी के निवासी पुगलिया परिवार के सदस्यों से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये घटना हृदय विदारक है। परिवार पर दुःख का जो पहाड़ टूटा है, उसकी वेदना में सभी सहभागी हैं। डॉ यादव ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि इस घटना की जांच करवाई जा रही है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विशेषज्ञों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इंदौर में कल तड़के ब्रजेश्वरी एनेक्सी स्थित व्यवसायी मनोज पुगलिया के घर में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट के कारण आग तेजी से फैल गई थी, जिससे परिवार के आठ सदस्य इसकी चपेट में आ गए थे। तीन लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घर के दरवाजों में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगा था, जो विस्फोट के बाद फैली आग के कारण खुल नहीं पाया और घर के लोग आग की चपेट में आ गए।
बताया गया कि तड़के लगभग चार बजे विस्फोट के कारण आग की शुरुआत हुई, जो धीरे-धीरे मकान की दूसरी मंजिल तक फैल गई। मकान में कई सिलेंडर भी रखे हुए थे, जिन्होंने भी आग को और भड़काने में बड़ी भूमिका निभाई। पेशे से पॉलीमर व्यवसायी मनोज पुगलिया के घर में कई रसायनों की उपस्थिति भी बताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित