भोपाल , मई 11 -- मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से गैस टंकी में लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 10 मई की अलसुबह थाना लसूड़िया क्षेत्र के एमआर-3 रोड स्थित सनसिटी के पास एक गैस टंकी में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटनास्थल रहवासी क्षेत्र के बीच होने और आसपास गैस लाइन मौजूद होने के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही प्रभात गश्त में तैनात एसीपी हीरानगर रूबीना मिजवानी, थाना लसूड़िया एवं विजय नगर की एफआरवी टीम तथा बीट महालक्ष्मी नगर के पुलिस जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद त्वरित कार्रवाई करते हुए गैस टंकी में लगी आग पर काबू पा लिया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
घटनास्थल पर एक गुमटी के पास रखी गैस टंकी में आग लगी थी, जिसकी चपेट में आने से सरस्वती नगर निवासी भगवान सिंह (50) आंशिक रूप से झुलस गए। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की तत्परता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित