धार , जून 05 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर खरेली घाट के निकट शुक्रवार सुबह एक यात्री बस और कंटेनर की भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इंदौर से झाबुआ जा रही यात्री बस और सामने से आ रहे कंटेनर के बीच अमझेरा थाना क्षेत्र में टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद बस सड़क से नीचे उतर गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना में बस में सवार तीन यात्रियों तथा कंटेनर चालक को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फोरलेन मार्ग पर एक कट पर डंपर के अचानक मुड़ने के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई।

अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ फोरलेन पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित