हनुमानगढ़ , जून 15 -- राजस्थान में सूखे इलाकों के लिए जीवन रेखा मानी जाने वाली इंदिरा गांधी नहर परियोजना अब गंभीर प्रदूषण की चपेट में आ गयी है।

हनुमानगढ़ जिले के रावतसर क्षेत्र के पास स्थित पंपिंग स्टेशन से सेम और आसपास का गंदा पानी सीधे मुख्य नहर में छोड़ा जा रहा है। इस पर्यावरणीय और स्वास्थ्य आपदा के खिलाफ श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ उपखंड क्षेत्र में किसान नेता राकेश बिश्नोई ने सख्त रुख अपनाया है। इस मुद्दे पर उन्होंने मंगलवार को सूरतगढ़ उपखंड कार्यालय पर महापड़ाव करने की घोषणा कर दी है।

श्री बिश्नोई ने खुद मौके का निरीक्षण किया और बताया कि रावतसर के पास पंपिंग स्टेशन के जरिए आसपास के क्षेत्र का दूषित पानी नहर में मिलाया जा रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें नहर में गंदा पानी छोड़ने के साफ दृश्य दिख रहे हैं। यह नहर न केवल सिंचाई का प्रमुख साधन है, बल्कि हजारों परिवारों का पेयजल स्रोत भी है। ऐसे में इस प्रदूषण से पूरे क्षेत्र खासकर सूरतगढ़ रावतसर और आसपास के गांवों में स्वास्थ्य संकट गहराने की आशंका है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह लाखों लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। लंबे समय तक दूषित पानी के उपयोग से कैंसर, पेट की बीमारियां और अन्य गंभीर रोग बढ़ सकते हैं। नहर का पानी कृषि और पेयजल दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस समस्या को तुरंत रोका जाना चाहिए।

श्री बिश्नोई ने बताया कि कुछ दिन पहले खुद उन्होंने सूरतगढ़ उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गंदा पानी छोड़ने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। ज्ञापन में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ेगा, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ा रहा है। प्रशासन ने अब भी ध्यान नहीं दिया तो यह मामला और बड़ा आंदोलन का रूप ले सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित