रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) एवं बीटेक (खाद्य प्रौद्योगिकी) प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। ऑनलाइन पंजीयन 10 जुलाई से 20 जुलाई 2026 की रात 11 बजे तक किया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय द्वारा गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पीईटी-2026, जेईई मेन्स-2026 तथा 12वीं (गणित समूह) की प्रावीण्य सूची के आधार पर विश्वविद्यालय के प्रवेश नियम-2026 के तहत संपन्न होगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।
ऑनलाइन पंजीयन कराने वाले अभ्यर्थियों की प्रावीण्य सूची 23 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 24 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विभिन्न चरणों में सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित