नयी दिल्ली , जुलाई 13 -- दिल्ली सरकार ने राजधानी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल (आईजीएच) में वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित जेरियाट्रिक ओपीडी (सीनियर सिटिजन ओपीडी) की शुरुआत की है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को इस विशेष ओपीडी का उद्घाटन किया। इस सुविधा का उद्देश्य 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर, सुविधाजनक और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने हाइड्रोथेरेपी यूनिट, इमरजेंसी विभाग, जनरल मेडिसिन सहित कई प्रमुख विभागों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव भी सुने। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा किए गए विशेष प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल मरीजों को सम्मानजनक और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
डॉ. सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक सम्मान, गरिमा और प्राथमिकता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं पाने के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा स्वास्थ्य तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक बुजुर्ग को समय पर सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के निर्माण में लगाया है, उनके स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाना सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और पूरे स्टाफ को इस संवेदनशील पहल के लिए बधाई भी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित