चंडीगढ़ , जून 17 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जींद जिले में भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी नीलम और उसके पति सतीश कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पुश्तैनी भूमि की इंतकाल (म्यूटेशन) में संशोधन करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। इस संबंध में थाना करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7, 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामलादर्ज किया गया है।
ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी पैतृक भूमि की इंतकाल अपने तथा अपने भाइयों के नाम दर्ज कराने के लिए उचाना में तैनात हल्का पटवारी नीलम और उसके पति सतीश कुमार द्वारा 8,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद करनाल इकाई, जींद की टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सतीश कुमार को उचाना बस स्टैंड के पास एक पेट्रोल पंप पर शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि वह अपनी पत्नी नीलम के साथ मिलकर रिश्वत की मांग कर रहा था। इसके बाद ब्यूरो की टीम ने सह-आरोपी नीलम को उसके गांव काकड़ोद स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और भ्रष्टाचार में संलिप्त अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित