चंडीगढ़ , जुलाई 25 -- पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने ओएफटीईसी पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से भारत प्रत्यर्पित कर पंजाब लाने में सफलता हासिल की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ पंजाब में चार हत्या के मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह विभिन्न देशों में ठिकाने बदलकर रह रहा था।
डीजीपी यादव ने कहा कि यह कार्रवाई 'ऑपरेशन नोमैड हंट' के तहत छह महीने तक चले अंतरराष्ट्रीय अभियान का परिणाम है। इस दौरान खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार निगरानी, रणनीतिक सूचना संकलन तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
डीजीपी ने कहा कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि है और इससे ऐसे अपराधी नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई को बल मिलेगा। उन्होंने दोहराया कि संगठित अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने और दुनिया के किसी भी कोने में छिपे फरार अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित