जकार्ता , अगस्त 02 -- इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत के समुद्री क्षेत्र में रविवार को एक यात्री नौका में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई और 41 अन्य लापता हैं। नौका में चालक दल सहित कम से कम 250 लोग सवार थे।
बीबीसी की एक रिपोर्ट में राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी (बसारनास) के हवाले से कहा गया कि केएमपी मुतियारा सेंटोसा-2 नामक नौका पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर जा रही थी। इसी दौरान मदुरा द्वीप के निकट समुद्र में रविवार सुबह आग लग गयी। नौका के कप्तान ने घटना की सूचना अधिकारियों को दी।
बसारनास ने बताया कि सुराबाया खोज एवं बचाव कार्यालय को स्थानीय समयानुसार सुबह 8:24 बजे घटना की सूचना मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सुबह छह से सात बजे के बीच लगी थी। बाद में एजेंसी ने पुष्टि की कि नौका लगभग पूरी तरह आग की चपेट में आ गई थी और बचाव का इंतजार कर रहे यात्री जहाज के पुल तथा अगले हिस्से में शरण लिए हुए थे।
स्थानीय मीडिया में प्रसारित वीडियो में यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनकर लाइफबोट में बैठे तथा कई लोगों को धधकती नौका से समुद्र में कूदते देखा गया। बचाव दल ने उन्हें लाइफबॉय उपलब्ध कराकर सुरक्षित जहाजों तक पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित