लखनऊ , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ' इंडी गठबंधन बिखर चुका है और उसमें एकता नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।'उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अपनी मांगें रखने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन जनता सब कुछ देख और समझ रही है तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने मत के माध्यम से जवाब देगी।
श्री मौर्य ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इंडी गठबंधन की स्थिति सभी के सामने है। उन्होंने कहा, ''भानुमती का कुनबा जोड़ने के बाद किस प्रकार बिखरता है, इसका दृश्य पूरा देश देख चुका है।'' उन्होंने कहा कि विपक्षी दल यदि कोई मांग रखना चाहते हैं तो रख सकते हैं, उन्हें अपनी बात कहने से कोई नहीं रोक रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने चुनाव में हार और जीत को लेकर विपक्ष के रुख पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चुनाव में पराजित होने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को दोष देते हैं, जबकि जीत मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और उनके राजनीतिक प्रभाव को लेकर अलग तरह की व्याख्या करने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि जनता विपक्ष के इस रुख को देख रही है और इसका जवाब भी जनता ही देगी। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदाता अपने मत के माध्यम से अपना फैसला सुनाएंगे। श्री मौर्य ने कहा, ''सरप्राइज तो हम देंगे। भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह तैयार है। विपक्ष अपनी तैयारी करे, भाजपा की अपनी तैयारी है।'' उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
श्री मौर्य ने कहा कि सरकार का प्रयास किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और गरीबों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, विकास और आमजन के जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं एवं चुनौतियों के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ आगे भी पूरी प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित