पंचकूला , जुलाई 31 -- इंडिया पोस्ट ने थोक (बल्क) और कॉरपोरेट ग्राहकों के लिए 'इंडिया पोस्ट पार्सल लास्ट माइल' नाम से नई पार्सल सेवा शुरू की है। साथ ही इंडिया पोस्ट पार्सल और स्पीड पोस्ट पार्सल सेवाओं की नई शुल्क दरें भी अधिसूचित कर दी हैं। ये सभी प्रावधान एक अगस्त, 2026 से लागू हो गए हैं।

संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने डाकघर (छठा संशोधन) विनियम, 2026 के तहत यह अधिसूचना जारी की है। केंद्रीय सरकार की पूर्व स्वीकृति से जारी इस संशोधन के माध्यम से डाकघर विनियम, 2024 में नया विनियम 96क (96ए) जोड़ा गया है तथा पार्सल सेवाओं की शुल्क तालिकाओं में संशोधन किया गया है।

नयी 'इंडिया पोस्ट पार्सल लास्ट माइल' सेवा के तहत पार्सलों की बुकिंग संबंधित डिलीवरी डाकघर अथवा चिन्हित पार्सल हब या पार्सल प्रोसेसिंग सेंटर से की जा सकेगी। इन पार्सलों की डिलीवरी उसी डिलीवरी कार्यालय के स्थानीय क्षेत्राधिकार के भीतर की जाएगी। यह सुविधा केवल उन थोक और कॉरपोरेट ग्राहकों को मिलेगी, जिन्होंने डाक विभाग के साथ औपचारिक समझौता किया हो।

इस सेवा में प्रूफ ऑफ डिलीवरी (पीओडी) , बीमा, कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) तथा अन्य मूल्यवर्धित सेवाएं भी निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध होंगी। पार्सल का शुल्क वॉल्यूमेट्रिक वजन या वास्तविक वजन, जो अधिक होगा, उसके आधार पर लिया जाएगा। इस सेवा में अधिकतम 5 किलोग्राम तक का पार्सल स्वीकार किया जाएगा।

नई शुल्क दरों के अनुसार 2 किलोग्राम तक का पार्सल यदि डिलीवरी कार्यालय में बुक कराया जाता है तो 15 रुपये तथा पार्सल हब या प्रोसेसिंग सेंटर में बुक कराने पर 20 रुपये शुल्क लगेगा। वहीं 2,001 ग्राम से 5 किलोग्राम तक के पार्सल पर क्रमशः 22 रुपये और 35 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इन शुल्कों पर लागू जीएसटी अलग से देय होगा।

अधिसूचना के तहत इंडिया पोस्ट पार्सल और स्पीड पोस्ट पार्सल दोनों सेवाओं की खुदरा और संविदागत शुल्क तालिकाएं भी संशोधित की गई हैं।

संशोधित इंडिया पोस्ट पार्सल (रिटेल) दरों के अनुसार 500 ग्राम तक के पार्सल पर स्थानीय डिलीवरी के लिए 28 रुपये, राज्य के भीतर 65 रुपये, जोन/मेट्रो के लिए 70 रुपये तथा अन्य राज्यों के लिए 72 रुपये शुल्क लिया जाएगा। 4 से 5 किलोग्राम तक के पार्सल पर यह शुल्क क्रमशः 174 रुपये, 324 रुपये, 420 रुपये और 515 रुपये होगा। 5 किलोग्राम से अधिक वजन पर प्रत्येक अतिरिक्त किलोग्राम के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार शुल्क देय होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित