हैदराबाद , मार्च 17 -- डाक विभाग ने हैदराबाद सहित छह मेट्रो शहरों में सुनिश्चित डिलीवरी के साथ तीन नयी समयबद्ध डाक सेवाएं शुरू की हैं।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी के साथ नयी दिल्ली से '24 स्पीड पोस्ट', '24 स्पीड पोस्ट पार्सल' और '48 स्पीड पोस्ट' सेवाओं का अनावरण किया। ये सेवाएं हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलुरु में शुरू की गई हैं।
इस अवसर पर हैदराबाद के किंग कोठी स्थित भारतीय विद्या भवन कॉलेज के सभागार में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।हैदराबाद में, 38 बुकिंग कार्यालय और 94 डिलीवरी कार्यालय '24 स्पीड पोस्ट' और '24 स्पीड पोस्ट पार्सल' का संचालन करेंगे, जबकि 176 बुकिंग कार्यालय और 94 डिलीवरी कार्यालय '48 स्पीड पोस्ट' का प्रबंधन करेंगे। इन सेवाओं के तहत सभी खेपों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक 24 स्पीड पोस्ट' दस्तावेजों की अगले दिन डिलीवरी सुनिश्चित करता है, जबकि '24 स्पीड पोस्ट पार्सल' 5 किलोग्राम तक के पार्सल के लिए अगले दिन डिलीवरी की गारंटी देता है।वहीं '48 स्पीड पोस्ट' सेवा 48 घंटों के भीतर दस्तावेजों की डिलीवरी का आश्वासन देती है। देरी होने की स्थिति में, शर्तों के अधीन रिफंड (धन वापसी) प्रदान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित