उमरिया , जून 16 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व को 'इंडिया टुडे टूरिज्म सर्वे एंड अवार्ड्स 2026' में 'एडिटर्स चॉइस अवार्ड- बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन' श्रेणी में सम्मानित किया गया है।
बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सूत्रों ने बताया कि गोवा में 15 जून को आयोजित समारोह में यह पुरस्कार वन्यजीव संरक्षण, उत्कृष्ट पर्यटन प्रबंधन, पर्यटकों को उच्च स्तरीय अनुभव उपलब्ध कराने तथा जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय तथा अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एल. कृष्णमूर्ति ने केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से प्राप्त किया। बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश-विदेश के पर्यटकों के बीच अपनी समृद्ध जैव विविधता, बाघों की अच्छी संख्या, प्राकृतिक सौंदर्य तथा प्रभावी संरक्षण प्रबंधन के लिए विशेष पहचान रखता है।
क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने यूनीवार्ता से चर्चा में कहा कि यह पुरस्कार बाँधवगढ़ में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय समुदायों तथा संरक्षण सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है और इससे राज्य की पहचान देश के अग्रणी वन्यजीव पर्यटन स्थलों में और अधिक सुदृढ़ होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित