नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- कांग्रेस ने कहा है कि इंडिया गठबंधन 30 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सांकेतिक महाभियोग प्रस्ताव लाएगा और एक नवंबर को यहां रामलीला मैदान में मतदाता सूची में गड़बड़ी के विरोध में महा रैली करेगा।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि संविधान को बचाने और 'वोट चोरों' को हराने के प्रयास के तहत 30 अक्टूबर को जनता की मौजूदगी में महाभियोग की कार्रवाई होगी। इसमें श्री कुमार को हटाने की मांग को जनता की आवाज के रूप में बुलंद किया जाएगा।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इंडिया गठबंधन 30 अक्टूबर को यहां सांकेतिक संसद का आयोजन करेगा और इसमें श्री कुमार के खिलाफ सांकेतिक महाभियोग प्रस्ताव लाया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि सांकेतिक संसद का आयोजन अशोका होटल में किया जा सकता है और इसमें इंडिया गठबंधन के सभी दलों के सांसद हिस्सा लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित