चेन्नई , अक्टूबर 4 -- तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई स्थित इंडियन बैंक के प्रधान कार्यालय में कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार शाम शहर के पारिज कॉर्नर क्षेत्र में स्थित बैंक की इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान 57 वर्षीय कनिष्क वाजपेयी के रूप में हुई है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी श्री वाजपेयी बैंक के आईटी प्रभाग में मुख्य प्रबंधक के पद पर थे और यहां परिवार के साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम वह चौथी मंजिल पर बने अपने कार्यालय से बाहर निकले और बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। घटना से हतप्रभ रह गए बैंक कर्मियों और अन्य लोग उन्हें राजकीय स्टेनली मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने नॉर्थ बीच थाने में मामला दर्ज कर लिया है और बैंक अधिकारी के इस कदम के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि श्री वाजपेयी ने छलांग लगाने से करीब 15 मिनट पहले अपने परिजनों से बात की थी। पुलिस उनके किसी मानसिक तनाव या दबाव में होने की आशंका के चलते उनकी पत्नी और बेटे से पूछताछ भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित