समस्तीपुर , नवंबर 04 -- िहार के मुजफ्फरपुर में आयोजित इंडियन इकोनॉमिक एसोसिएशन के 109 वें वार्षिक सम्मेलन में समस्तीपुर वीमेंस कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. विजय कुमार गुप्ता की पुस्तक 'बिहार में ग्रामीण विकास : स्वतंत्रता से डिजिटल युग तक की यात्रा' का विमोचन किया गया। देश के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों एवं शिक्षाविदों की मौजूदगी में पुस्तक का विमोचन होना समस्तीपुर के शैक्षणिक जगत के लिए गौरव की बात है।

सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के चेयरमैन एवं इंडियन इकोनॉमिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एस. महेंद्र देव ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के सेंटर फॉर इकोनॉमिक स्टडीज एंड प्लानिंग के प्रोफेसर प्रो. प्रवीण झा ने की। इस अवसर पर डॉ. तम्मा कोटि रेड्डी एवं प्रो. अश्विनी महाजन सहित अर्थशास्त्र और आर्थिक चिंतन के क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित थीं।

पुस्तक में बिहार के ग्रामीण समाज एवं अर्थव्यवस्था में स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से अब तक आए बदलावों का व्यापक और शोधपरक विश्लेषण किया गया है। इसमें कृषि विकास, भूमि सुधार, ग्रामीण रोजगार, पंचायती राज संस्थाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका तथा डिजिटल शासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। पुस्तक के माध्यम से ग्रामीण बिहार की विकास यात्रा, उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं को ऐतिहासिक एवं समकालीन परिप्रेक्ष्य में समझने का प्रयास किया गया है।

पुस्तक के लेखक डॉ. विजय कुमार गुप्ता समस्तीपुर स्थित वीमेंस कॉलेज (ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा) के अर्थशास्त्र विभाग में वरीय सहायक प्राध्यापक हैं। उनका अकादमिक एवं शोध कार्य ग्रामीण विकास, भारतीय अर्थव्यवस्था और समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहा है।

राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित शैक्षणिक आयोजन में उनकी पुस्तक को मिली पहचान को उनकी अकादमिक एवं शोध उपलब्धियों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे समस्तीपुर जिले के शैक्षणिक और बौद्धिक जगत में भी हर्ष का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित