मुंबई, 01सितंबर (वार्ता)लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' का 16वां सीजन पहली बार फ्री-टू-एयर (एफटीए) टेलीविजन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने जा रहा है। सोनी पल पर शो का प्रीमियर सात सितंबर से होगा और यह सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेगा।

'इंडियन आइडल 16' का एफटीए लॉन्च इसलिए खास है क्योंकि पहली बार यह लोकप्रिय शो किसी एफटीए प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है। इसके साथ ही यह सोनी पल के प्राइम-टाइम नॉन-फिक्शन कंटेंट का हिस्सा बनेगा।

'यादों की प्लेलिस्ट' थीम पर आधारित इस सीजन में देशभर से चुने गए 18 प्रतिभाशाली गायक अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। 82 एपिसोड वाले इस सीजन में अलग-अलग पीढ़ियों की यादों से जुड़े लोकप्रिय और यादगार गीतों को प्रस्तुत किया जाएगा। संगीत प्रस्तुतियों के साथ प्रतियोगियों के व्यक्तिगत और प्रेरणादायक सफर को भी दर्शाया जाएगा।

शो के जजों के पैनल में श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह नजर आएंगे। तीनों अपने अनुभव और संगीत की समझ के जरिए प्रतियोगियों की प्रतिभा को परखेंगे। वहीं, आदित्य नारायण एक बार फिर शो की मेजबानी करते दिखाई देंगे।

श्रेया घोषाल अपने लंबे संगीत अनुभव और प्रतिभा को पहचानने की क्षमता के साथ प्रतियोगियों का मार्गदर्शन करेंगी। विशाल ददलानी गायकों की आवाज, गायकी और मंचीय प्रस्तुति का आकलन करेंगे, जबकि बादशाह अपने संगीत अनुभव और अलग अंदाज से शो में नई ऊर्जा भरेंगे।

सोनी पल के प्रवक्ता ने कहा कि 'इंडियन आइडल 16' का एफटीए प्रीमियर चैनल और देशभर के दर्शकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे अधिक से अधिक परिवार शो की प्रतिभाओं, यादगार संगीत और भावनाओं से भरे सफर का आनंद ले सकेंगे। सोनी पल का उद्देश्य प्रीमियम और उच्च गुणवत्ता वाले मनोरंजन को देशभर के दर्शकों तक आसानी से पहुंचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित