नयी दिल्ली , दिसंबर 06 -- इंडिगो संकट के बीच टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसकी सहयोगी एयर इंडिया एक्सप्रेस अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करेगी।
एयर इंडिया ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि वह "यात्रियों और उनके बैगेज को जल्द से जल्द उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए" अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने के विकल्प तलाश रही है।
एयर इंडिया ने दावा किया है कि उसने 04 दिसंबर से जारी भारी मांग के बीच खुद ही पहल करते हुए किराये की कैपिंग की है ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। हालांकि इस पोस्ट के उत्तर में कुछ नेटिजन्स ने एयर इंडिया के ऐप के स्क्रीनशॉट साझा किये हैं जिसमें साफ दिख रहा है कि किराया कई गुना पहुंच चुका है। साथ ही कुछ ने अपने टिकट की तस्वीर और कुछ ने अन्य प्लेटफॉर्मों पर टिकट की कीमत के स्क्रीनशॉट साझा किये हैं।
उल्लेखनीय है कि इंडिगो की 04 दिसंबर से अबतक लगभग दो हजार उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और आज रात तक यह संख्या और बढ़ सकती है।
सूत्रों ने बताया कि अप्रत्याशित मांग को देखते हुए सरकार ने इंडिगो के अलावा दूसरी विमान सेवा कंपनियों से अस्थायी तौर पर अतिरिक्त उड़ानें चलाने के लिए कहा है। स्पाइसजेट ने भी 100 अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित