नयी दिल्ली , सितंबर 10 -- देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो मुंबई से तंजानिया के दार एस सलाम के लिए सीधी उड़ान शुरू करेगी।
एयरलाइंस ने गुरुवार को बताया कि यह सेवा इस साल 20 नवंबर से शुरू होगी। यह दैनिक उड़ान होगी। इस नयी सेवा के साथ इंडिगो मुंबई और दार एस सलाम के बीच सीधी कनेक्टिविटी देने वाली एकमात्र भारतीय विमान सेवा कंपनी बन जायेगी। इन उड़ानों के लिए बुकिंग शुरू हो गयी है। यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल पार्टनर के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।
इंडिगो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत और तंजानिया के बीच लंबे समय से व्यापार, वाणिज्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर आधारित संबंध रहे हैं। भारत तंजानिया के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है। विनिर्माण कृषि और स्वास्थ्य जैसे कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ रहा है। सीधी दैनिक विमान सेवा शुरू होने से भारत और पूर्वी अफ्रीका के बीच हवाई संपर्क बेहतर होगा। इससे व्यापार, निवेश, पर्यटन और शैक्षिक आदान-प्रदान को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुंबई से उड़ान संख्या 6ई 1851 रात 2.20 बजे रवाना होकर स्थानीय समय के अनुसार सुबह 6.05 बजे दार एस सलाम पहुंचेगी। वापसी की उड़ान 6ई 1852 स्थानीय समय के अनुसार सुबह 7.05 बजे चलकर दिन के 3.55 बजे मुंबई पहुंचेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित