नयी दिल्ली , मार्च 07 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एक हजार से अधिक महिला पायलट वाली देश की पहली विमान सेवा कंपनी बनने की घोषणा की।

एयरलाइंस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इंडिगो में महिला 17.5 प्रतिशत पायलट महिला हैं, जो वैश्विक औसत से तीन गुना से अधिक है। उसने बताया कि कंपनी विभिन्न भूमिकाओं में समान अवसरों का विस्तार कर रही है और कुल कार्यबल में 45 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। हवाई अड्डा संचालन में 30 प्रतिशत से अधिक, परिचालन नियंत्रण कक्ष में लगभग 25 प्रतिशत, वित्त विभाग में 20 प्रतिशत से अधिक, डिजिटल विभाग में 15 प्रतिशत से अधिक और शीर्ष प्रबंधन में 23 प्रतिशत से अधिक महिलाएं कार्यरत हैं।

इंडिगो के मानव संसाधन के समूह प्रमुख सुखजीत सिंह पसरीचा ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हमें यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि इंडिगो में अब एक हजार से अधिक महिला पायलट हैं। यह उपलब्धि इंडिगो में महिला शक्ति की भावना को दर्शाती है। जैसे-जैसे हम देश को पंख देने के अपने मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं, हम प्रतिभाशाली महिलाओं को आगे बढ़ने और विमानन के भविष्य को आकार देने के लिए अधिक अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"इंडिगो ने सोशल मीडिया पर एक विशेष फिल्म भी जारी की है जिसमें इंडिगो की महिला कर्मचारियों को दिखाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित