नयी दिल्ली , मार्च 23 -- देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आलोक सिंह को अपना मुख्य रणनीतिक अधिकारी नियुक्त किया है।
इंडिगो के निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक में उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की गयी।
एयरलाइंस ने मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि श्री सिंह पर दीर्घकालीन रणनीति बनाने और कंपनी के विकास को बढ़ावा देने, परिचालन दक्षता बेहतर बनाने तथा देश के तेजी से बदलते विमानन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा में इंडिगो को आगे रखने की जिम्मेदारी होगी।
श्री सिंह के पास विमानन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। वह इससे पहले एयर इंडिया समूह की कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर थे। वह एयर इंडिया और ओमान एयर में भी महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं।
श्री सिंह फिलहाल इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया को रिपोर्ट करेंगे जो सीईओ के पद से पीटर एल्बर्स के इस्तीफे के बाद कंपनी के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
श्री भाटिया ने कहा कि श्री सिंह के पास इस क्षेत्र का लंबा अनुभव और परिचालन की गहरी समझ है। यह और मजबूत तथा भविष्य के लिए तैयार एयरलाइंस के निर्माण में अनमोल साबित होगा। उन्होंने कहा कि कंपनी के नये सीईओ की नियुक्ति के बाद श्री सिंह उन्हें रिपोर्ट करेंगे।
श्री सिंह ने इंडिगो से ऐसे समय में जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की जब कंपनी अपना अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क बढ़ाने पर फोकस कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित