नयी दिल्ली , अप्रैल 29 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो पहली मई से देश के विभिन्न शहरों से कतर की राजधानी दोहा के लिए नियमित उड़ानें फिर से शुरू करेगी।

एयरलाइंस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह दोहा के लिए अपनी सभी उड़ानें दोबारा शुरू कर रही है जिन्हें पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद से निलंबित कर दिया गया था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि "मौजूदा हवाई क्षेत्र की स्थितियों और संबंधित प्राधिकरणों के मार्गदर्शन के अनुरूप" वह सात शहरों बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कन्नूर, कोच्चि और मुंबई से दोहा के लिए हर सप्ताह 60 से अधिक नियमित उड़ानों को फिर से शुरू कर रही है।

कंपनी ने एक बार फिर दुहराया है कि वह अपने यात्रियों, चालक दल के सदस्यों और विमानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उसने कहा है कि एक प्रमुख ट्रांजिट हब के रूप में दोहा भारत को महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दूसरी ओर कतर से यात्रा करने वाले यात्री भी एयरलाइन के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से भारत और उससे आगे के कई शहरों से जुड़ सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित