श्रीनगर , जुलाई 11 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस की प्रादेशिक जांच एजेंसी (एसआईए) ने हिज्बुल मुजाहिदीन के घोषित आतंकवादी इम्तियाज़ अहमद कंडू (उर्फ़ फ़याज़ उर्फ़ सज्जाद) के ख़िलाफ़ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) जारी करवाया है।
यह कार्रवाई 2013 में हुए उस हमले के सिलसिले में की गई है जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के चार जवान शहीद हो गये थे।
पुलिस ने कहा कि रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने से अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आरोपी का पता लगाने, उसे हिरासत में लेने और उसे भारत लाकर मुक़दमा चलाने के लिए प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने में मदद मिलेगी। यह मामला 26 अप्रैल 2013 को उत्तरी कश्मीर के सोपोर में ह्यगाम के पीर मोहल्ला में हुए आतंकवादी हमले से जुड़ा है। उस हमले में स्वचालित हथियारों से सुसज्जित आतंकवादियों ने पुलिस पार्टी पर हमला किया था, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के चार जवान शहीद हो गये थे। यह उस दौर में सुरक्षा बलों पर हुए सबसे गंभीर आतंकवादी हमलों में से एक था। यह मामला शुरू में सोपोर के तारज़ू थाना में दर्ज किया गया था और बाद में विस्तृत जांच के लिए 2024 में इसे एसआईए को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सबूतों को बारीकी से इकट्ठा करने और उनका विश्लेषण करने, गवाहों से पूछताछ करने और साज़िश का पता लगाने के बाद एसआईए कश्मीर ने जांच पूरी की। नये सबूतों के आधार पर और अपराध जोड़े गए और जुलाई 2024 में सक्षम निचली अदालत में छह आरोपियों के खिलाफ एक विस्तृत आरोपपत्र दाखिल किया गया। जांच और उसके बाद के अभियान के दौरान, दो आरोपी हंदवाड़ा के कलामाबाद के तारिक अहमद मीर और सोपोर के बटापोरा के कयूम नज़र सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए, जबकि सोपोर के जावेद अहमद मट्टू, सोपोर के रऊफ़ नज़र और श्रीनगर के दलाल मोहल्ला के अहमदउल्लाह मल्ला को गिरफ्तार किया गया और उन पर मुकदमा चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित