भीलवाड़ा , अगस्त 04 -- इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली ने कहा है कि किसान और मजदूरों के हितों की अनदेखी के विरोध में इंटक 10 अगस्त को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेगी।
मंगलवार को राजस्थान में भीलवाड़ा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्रीमाली ने उन्होंने कहा कि सरकार ने किसान और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखायी तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तरतक ले जाया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान नीतियों से किसान और मजदूर दोनों वर्ग प्रभावित हो रहे हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग से परंपरागत रोजगार पर संकट गहराता जा रहा है। एआई अन्य क्षेत्रों के लिए उपयोगी हो सकती है, लेकिन मजदूरों और किसानों के लिए रोजगार की चुनौती बनती जा रही है।
श्री श्रीमाली ने कहा कि सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में हैं, जबकि किसान और मजदूरों का लगातार शोषण हो रहा है। किसान और मजदूर एकजुट होकर आंदोलन करेंगे तो सरकार पर बड़ा दबाव बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित