श्रीगंगानगर , जुलाई 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) ने श्रमिकों की लगातार हो रही उपेक्षा और श्रम विभाग की निष्क्रिय कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर 11 अगस्त को श्रीगंगानगर में उप श्रम आयुक्त कार्यालय के धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
इंटक के जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा ने बुधवार को बताया कि पिछले कई महीनों से सूरतगढ़ थर्मल, रिलायंस बायो एग्रो सूरतगढ़ एवं अन्य जगह कार्यरत श्रमिकों के शोषण, श्रम कानूनों के खुलेआम उल्लंघन, वेतन, सुविधाओं एवं अन्य गंभीर समस्याओं को लेकर उप श्रम आयुक्त को बार-बार लिखित शिकायतें, ज्ञापन एवं प्रार्थना-पत्र दिये गये, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा स्वयं उप श्रम आयुक्त का सूरतगढ़ थर्मल दौरा करवाया गया, जहाँ उन्होंने श्रमिकों से सीधे बातचीत करके उनकी समस्याओं को देखा और सुना। इसके बावजूद न तो दोषी नियोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई और न ही पीड़ित श्रमिकों को न्याय मिला।
इंटक ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि उप श्रम आयुक्त को तत्काल लंबित मामलों का समाधान करने के निर्देश दिये जायें और उनके स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पायी जाती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित