बड़वानी , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में एक महिला चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) को इंग्लैंड में शादी का झांसा देकर तीन लाख रुपये की ठगी करने के मामले में उत्तराखंड की दो माहिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंधवा की 25 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ शादी का झांसा देकर करीब तीन लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने उत्तराखंड की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके बैंक खातों में पहुंचे 95 हजार रुपये फ्रीज कर जब्त किए गए हैं। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

साइबर सेल के संजय पाटीदार और टी आर धारसे ने बताया कि पीड़िता ने एक वैवाहिक वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। वहां उसकी पहचान खुद को इंग्लैंड निवासी बताने वाले युवक से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया और 15 लाख रुपये के महंगे गिफ्ट भेजने का दावा किया। बाद में फर्जी कूरियर रसीद भेजकर झांसे में लिया और कस्टम ड्यूटी के नाम पर खुद के फंसने का डर बता कर अलग-अलग बैंक खातों में करीब तीन लाख रुपये जमा करा लिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित