चेन्नई , जून 21 -- भारत के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि एक जुलाई से शुरु हो रहे इंग्लैंड दौरे के लिए चयनित टीम से अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश बनाने का प्रयास करेंगे।
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज वनडे सीरीज में 3-0 से मिली जीत के बाद कहा, "जब इतने खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों तो यह एक अच्छा सिरदर्द होता है। इसलिए हम इंग्लैंड दौरे के लिए (पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज एक जुलाई से शुरू होगी) वनडे टीम को देखेंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ एकादश चुनेंगे। हमें यह भी देखना होगा कि सभी खिलाड़ियों की फ़िटनेस कैसी है। अगर सभी फ़िट हैं तो जैसा मैंने कहा, टीम घोषित होगी और उसके बाद हम उपलब्ध खिलाड़ियों के आधार पर सबसे मज़बूत एकादश बनाने की कोशिश करेंगे।"जायसवाल भारत की वनडे की एकादश में नियमित सदस्य नहीं हैं। पिछले दिसंबर विशाखापत्तनम में उन्होंने मार्को यानसन, लुंगी एनगिडी और केशव महाराज जैसे गेंदबाज़ों से सजी साउथ अफ़्रीका की टीम के ख़िलाफ़ नाबाद 116 रन बनाए थे, लेकिन उसके तुरंत बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा था। उस मैच में शानदार प्रदर्शन के बावजूद उनकी जगह पक्की नहीं हो सकी। शनिवार को उन्होंने एक और शतक लगाया और टीम प्रबंधन से मिले समर्थन को स्वीकार किया।
जायसवाल ने कहा, "मैं सिर्फ़ अपनी प्रक्रिया पर ध्यान देता हूं, जो चीज़ें मेरे नियंत्रण में हैं उन पर फ़ोकस करता हूं और जितनी मेहनत कर सकता हूं उतनी करता हूं। सपोर्ट स्टाफ़ से मुझे पूरा सहयोग मिला है। वे मेरे लिए शानदार रहे हैं और संवाद भी बेहतरीन रहा है। मुझे पता रहता है कि क्या चल रहा है और मैं इसका पूरा आनंद ले रहा हूं।"बराड़ के बारे में गिल ने कहा, " उसने ज़्यादातर कसौटियों पर ख़रा उतरने का काम किया है, लेकिन कुछ चीज़ें ऐसी हैं जो केवल अनुभव से सीखी जा सकती हैं। उम्मीद है कि वह एक गेंदबाज के रूप में लगातार आगे बढ़ेंगे। अगर मैं आलोचनात्मक नजर से देखूं तो उन्होंने थोड़ा ज़्यादा रन दिए। लेकिन वह युवा है, शीर्ष स्तर पर अपनी पहली सीरीज खेल रहे हैं और तेज़ गेंदबाज़ी कर रहे हैं। एक लंबे और तेज़ युवा गेंदबाज़ में जो गुण हम देखना चाहते हैं, वे उनके पास हैं। अनुभव के साथ वह और बेहतर होंगे।"भारत के लिए एक और सकारात्मक पहलू बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज़ हर्ष दुबे रहे, जिन्होंने धर्मशाला और चेन्नई में स्पिन के लिए बहुत मददगार नहीं मानी जाने वाली परिस्थितियों में भी कसी हुई गेंदबाजी की। उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन गिल का मानना है कि जरूरत पड़ने पर वह बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं। दुबे के नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में नौ अर्धशतक और घरेलू स्तर पर सीमित ओवर के क्रिकेट में तीन अर्धशतक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित