बैतूल , सितंबर 18 -- मध्यप्रदेश में बैतूल के तैराकी कोच रामबरण पाल इंग्लिश चैनल में करीब 35 किलोमीटर की समुद्री दूरी रिले के माध्यम से पार करने वाले भारतीय दल का हिस्सा होंगे। श्री पाल चार सदस्यीय दल के साथ इस अभियान में शामिल होंगे।
श्री पाल 17 सितंबर को बैतूल से ट्रेन के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली से वह भारतीय खेल दल के साथ लंदन जाएंगे। इसके बाद इंग्लिश चैनल में रिले तैराकी अभियान में हिस्सा लेंगे।
दिव्यांग तैराकी वर्ग में पहचान बनाने वाले श्री पाल लंबे समय से तैराकी से जुड़े हैं। मध्यप्रदेश शासन उन्हें विक्रम पुरस्कार से सम्मानित कर चुका है। उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करीब 15 पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
श्री पाल बैतूल के वीर सावरकर स्विमिंग पूल में तैराकी कोच के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते हैं। वह जिले के तैराकों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के साथ दिव्यांग तैराकों को भी प्रशिक्षण दे रहे हैं।
श्री पाल के इंग्लिश चैनल अभियान में शामिल होने पर बैतूल जिला तैराकी विकास उत्थान संघ ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। संघ के अध्यक्ष राजा साहू सहित सदस्यों ने उनके सफल अभियान की कामना की।
इस अवसर पर आनंद प्रजापति, अखिलेश बारंगे, राजू शर्मा, ब्रज कपूर, पुष्पराज साहू, गोवर्धन यादव, संतोष पटेल, रोशन सूर्यवंशी, हेमंत बत्रा, रघुनाथ यादव, विनय सिंह चौहान, संजू सोलंकी और कैलाश राठौड़ सहित स्विमिंग पूल के सदस्य, कर्मचारी एवं सहयोगी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित