आजमगढ़ , जून 21 -- उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ पुलिस ने फर्जी जीएसटी बिलिंग और अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के जरिए करोड़ों रुपये की कर चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आज तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के सहारे बोगस फर्में बनाकर सरकार को करीब 4.08 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति पहुंचा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार के अनुसार आजमगढ़ जिले के थाना सिधारी पुलिस ने फर्जी फर्मों के माध्यम से जीएसटी बिल और ई-वे बिल तैयार कर सरकार को करीब 4.08 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति पहुंचाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बोगस फर्मों का पंजीकरण कराकर विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ दिलाने का आरोप है।

आज़मगढ़ में आर्थिक अपराधों और कर चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2025 को दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित