आजमगढ़ , जून 21 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की देवगांव पुलिस ने आज महिलाओं को गहने साफ और चमकाने का झांसा देकर ठगी व लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बिहार के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दोनों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 16 जून को कंजहित गांव की मनोरमा दुबे से गहने साफ करने के बहाने सोने की चैन और कान के झाले हड़पने की घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
गायत्री मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पीछा करने पर सरूपहां क्षेत्र में उनकी बाइक गिर गई। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली से एक आरोपी घायल हो गया जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कटिहार निवासी चाहत कुमार (22) और मुन्ना शाह (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, दो कान के झाले, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित