बागपत , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इन तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समय-समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी कर रहे हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार जनपद से होकर गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों भडल, बरनावा, डेरा सच्चा सौदा, शेखपुरा, गल्हैता, चिरचिटा, मवीकला, मवीखुर्द तथा परशुरामेश्वर पुरा महादेव सहित अन्य मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसी क्रम में शेखपुरा से गल्हैता के बीच कांवड़ मार्ग पर वर्षा के कारण हुए कटाव को जिला पंचायत ने तत्काल दुरुस्त कराया है। मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए ह्यूम पाइप डाले गए हैं तथा सैंड बैग लगाकर क्षतिग्रस्त हिस्से को मजबूत किया गया है। साथ ही मार्ग की मरम्मत एवं समतलीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है, ताकि कंकड़-पत्थर हटाकर शिवभक्तों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर मरम्मत कार्य लगातार जारी है तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग की सुविधा और प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा वन विभाग द्वारा कांवड़ मार्ग के किनारे स्थित सूखे पेड़ों को हटाने और गूलर के पेड़ों की छंटाई का कार्य भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनपद से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त का श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वागत करना तथा उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सकुशल संपन्न कराना है। इसी लक्ष्य के साथ सभी विभाग आपसी समन्वय से निरंतर कार्य कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित