आगर-मालवा , अक्टूबर 26 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर में 85.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले देवी लोक के प्रथम चरण के कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी देवी लोक आने वाले समय में आस्था, अध्यात्म, श्रद्धा और धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा। यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उज्जैन में श्री महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद मालवांचल में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। इसी क्रम में मां बगलामुखी देवी लोक का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नलखेड़ा आने वाले मार्गों की पुलिया और सड़कों को आवश्यकतानुसार चौड़ा किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
श्री यादव ने बताया कि देवी लोक के प्रथम चरण में लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य किए जाएंगे। मंदिर के मुख्य शिखर की ऊंचाई 108 फीट होगी और मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। परियोजना में मंदिर के गर्भगृह और ऊपरी संरचना का निर्माण, पत्थर की क्लैडिंग, 220 यज्ञशालाओं का विकास, 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला, मंदिर कॉरिडोर, प्रांगण और चार भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा वीवीआईपी भवन, बाउंड्री वॉल, चारपहिया वाहनों और बसों के लिए पार्किंग, शौचालय, उद्यान, हरित क्षेत्र तथा विद्युत, अग्निशमन और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आमला से नलखेड़ा तक लगभग 14 किलोमीटर लंबे मार्ग को 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फोरलेन बनाया जा रहा है। लखुंदर नदी पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए 13.77 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण भी किया जा रहा है। नदी के तटों पर सुंदर और भव्य घाट बनाए जाएंगे। परिसर में पार्किंग, पक्की सड़कें, स्वच्छ शौचालय और अतिथियों के लिए भवन विकसित किए जाएंगे। धर्मशालाओं में भी श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इनमें ओरछा, उज्जैन का महाकाल लोक, ओंकारेश्वर का एकात्म धाम और चित्रकूट धाम शामिल हैं। उन्होंने बाबा बैजनाथ धाम के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने सोयाबीन की फसल और किसानों की उपज के मूल्य का जिक्र करते हुए अच्छी बारिश को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।
राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद रोडमल नागर ने देवी लोक के भूमि-पूजन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरव सिंह बापू, माधव सिंह, मधु गहलोत, ओम मालवीय, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित