लखनऊ , जून 12 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।

लोकभवन में मीडिया से संवाद के मौके पर उन्होंने विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। योगी ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद योजनाएं तो बनती रहीं, लेकिन प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पहली बार योजनाओं को जन आंदोलन का स्वरूप मिला।

उन्होंने कहा कि जनधन योजना से करोड़ों बैंक खाते खुले, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालय बने, 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले और आयुष्मान भारत से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और मुद्रा योजना ने देश को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, महिला, युवा और किसान को विकास का केंद्र रखा। पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए, जो विश्व इतिहास की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री की योजनाओं का सर्वाधिक लाभ मिला। प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास, 3 करोड़ परिवारों को शौचालय, लगभग 2 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन और 15 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ मिला। कोविड काल में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया।

योगी ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ', मातृ वंदन योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं को नई पहचान मिली। यूपी में बेसिक शिक्षा के बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग, पुस्तकें, स्वेटर दिए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला और सामूहिक विवाह योजना से बेटियों का जीवन सुरक्षित हुआ। पुलिस बल में महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण मिला।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए परीक्षा पर चर्चा, मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा, आत्मनिर्भर भारत, फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने नई ऊर्जा दी। अब युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि सिंचाई योजना, फसल बीमा और सॉइल हेल्थ कार्ड से किसानों को मजबूती मिली। यूपी में 3 करोड़ से अधिक किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। गन्ना किसानों को 3.22 लाख करोड़ रुपये भुगतान किया गया।

योगी ने कहा कि पहले सीमा पार हमलों पर देश की प्रतिक्रिया सीमित थी, लेकिन अब भारत अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करता। ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल और एयर स्ट्राइक ने स्पष्ट किया कि भारत की संप्रभुता को चुनौती देने वालों को घर में घुसकर जवाब मिलेगा।

उन्होने कहा कि 500 साल के संघर्ष के बाद अयोध्या में राम मंदिर बना। काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारपुरी के पुनरुद्धार से सांस्कृतिक चेतना जागी। आयुष मंत्रालय और सहकारिता आंदोलन से स्वदेशी व्यवस्थाओं को बल मिला। योगी ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर, 2036 तक 2 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। "विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश" ही प्रदेश का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी राजनीति भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण पर टिकी थी, उन्हें आज का विकास और विरासत का सम्मान स्वीकार नहीं हो रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित