बेंगलुरु, जुलाई (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया एक प्रमुख विश्वविद्यालय संस्थान यूएनएसडब्ल्यू , सिडनी ने भारत में बेंगलूर में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय परिसर आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया है और कहा है कि यहां अगले महीने से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी।

संस्थान की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बेंगलूर के मान्यता बिजनेस पार्क में स्थित यह कैंपस छात्रों को भारत के सबसे गतिशील प्रौद्योगिकी और नवाचार इकोसिस्टम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की यूएनएसडब्ल्यू शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि ऑस्ट्रेलियाई शैक्षणिक उत्कृष्टता और बेंगलुरु के मजबूत औद्योगिक परिवेश का यह संगम शिक्षा, अनुप्रयुक्त अनुसंधान तथा उद्योग सहभागिता के नए अवसर प्रदान करेगा।

क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में यूएनएसडब्ल्यू ने लगातार एक बार फिर विश्व की शीर्ष 20 यूनिवर्सिटीज़ में अपनी जगह बनाई है।

यूएनएसडब्ल्यू सिडनी के वाइस-चांसलर एवं प्रेसिडेंट प्रोफेसर अटिला ब्रुंग्स ने कहा, "बेंगलुरु कैंपस की शुरुआत भारत की असाधारण प्रतिभा क्षमता पर हमारे विश्वास और हमारी 'प्रोग्रेस फॉर ऑल' रणनीति के तहत ऑस्ट्रेलिया-भारत शिक्षा साझेदारी को और मजबूत बनाने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भारत दुनिया के सबसे गतिशील नवाचार केंद्रों में से एक है, जहां उत्कृष्ट अनुसंधान क्षमता, उद्यमशीलता की मजबूत भावना और तेजी से विकसित होती ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था मौजूद है।"कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने कहा, "कर्नाटक ने स्वयं को एशिया के अग्रणी प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नवाचार केंद्रों में स्थापित किया है। ऐसे में यूएनएसडब्ल्यू जैसी वैश्विक प्रतिष्ठा प्राप्त यूनिवर्सिटी के लिए यह स्वाभाविक गंतव्य है। हम इस साझेदारी का स्वागत करते हैं, जो हमारे छात्रों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा, सहयोगात्मक अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर उपलब्ध कराएगी। हमें विश्वास है कि यूएनएसडब्ल्यू कर्नाटक को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी ज्ञान एवं नवाचार केंद्र बनाने के हमारे दृष्टिकोण को और मजबूती प्रदान करेगी।"ऑस्ट्रेलिया के नागरिकता एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षा मामलों के सहायक मंत्री जूलियन हिल ने कहा, "शिक्षा लंबे समय से भारत और ऑस्ट्रेलिया के द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख आधार रही है। इसने दोनों देशों के बीच लोगों के आपसी संबंधों, अनुसंधान सहयोग और नवाचार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यूएनएसडब्ल्यू के बेंगलुरु कैंपस का शुभारंभ भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यूएनएसडब्ल्यू ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च रैंक वाली यूनिवर्सिटी है, जिससे भारतीय छात्रों को ऑस्ट्रेलिया की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा तक पहले से कहीं अधिक पहुंच मिलेगी।"बेंगलुरु का यह नया कैंपस छात्रों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच सहयोग के नए अवसर सृजित करेगा, ज्ञान के विस्तार को गति देगा, कौशल विकास को मजबूत करेगा और साझा वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने के लिए भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करेगा।"बेंगलुरु कैंपस में शुरुआती चरण में ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020, भविष्य के कौशल और वैश्विक कार्यबल की आवश्यकताओं के अनुरूप होंगे। साथ ही इनका फोकस वैश्विक अनुसंधान प्राथमिकताओं पर भी रहेगा। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और सस्टेनेबिलिटी जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल होंगे। यहां छात्रों को ऐसा शिक्षा मॉडल मिलेगा, जिसमें ऐकडेमिक उत्कृष्टता के साथ उद्योग से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव भी शामिल होगा, जिससे उनके करियर की संभावनाएं और मजबूत होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित