नयी दिल्ली , मई 25 -- क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने यहां आ रही ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा है कि आस्ट्रेलिया और भारत के बीच साझेदारी पहले कभी इतनी महत्वपूर्ण नहीं रही।
मंगलवार को यहां होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिए रवाना होने से पहले सुश्री वोंग ने एक बयान में क्वाड को मौजूदा "अनिश्चिततापूर्ण समय" में एक महत्वपूर्ण साझेदारी बताया । उन्होंने कहा कि चारों देश मिलकर हिन्द प्रशांत क्षेत्र के लिए एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध भविष्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्वाड देश - ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका - समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, बुनियादी ढांचे के विकास और आपदा राहत सहित साझा हितों की दिशा में ठोस काम कर रहे हैं।
भारत यात्रा के दौरान वह विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ 17वीं ऑस्ट्रेलिया-भारत विदेश मंत्रियों की फ्रेमवर्क वार्ता भी करेंगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और भारत की साझेदारी पहले कभी इतनी महत्वपूर्ण नहीं रही। उन्होंने कहा कि दोनों देश, व्यापक रणनीतिक साझेदारों के रूप में, " व्यापार और निवेश, रक्षा और समुद्री सुरक्षा, जलवायु और ऊर्जा परिवर्तन, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, तथा शिक्षा और कौशल के क्षेत्रों में सहयोग को और प्रगाढ कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित