जयपुर , फरवरी 19 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि भीलवाड़ा जिले के आसीन्द विधानसभा क्षेत्र में पुलिस कांस्टेबल से लेकर सहायक उपनिरीक्षक, उपनिरीक्षक तथा वृत्त निरीक्षक के रिक्त पदों को जल्द ही भरा जाएगा।

श्री बेढ़म प्रश्नकाल के दौरान विधायक जब्बर सिंह सांखला के पूरक प्रश्नों का गृह मंत्री की ओर से जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा10 हजार पुलिस कांस्टेबल पदों पर भर्ती के विरुद्ध आठ हजार 557 पदों पर नियुक्ति दे दी गयी है। शेष पदों पर भी दस्तावेज सत्यापन सहित सम्पूर्ण चयन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नियुक्ति दी जा रही है।

इससे पहले श्री सांखला के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र आसीन्द में पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय, पुलिस थानों एवं चौकियों में उपनिरीक्षक के छह पद, सहायक उप निरीक्षक के आठ पद, हेड कांस्टेबल के 18 पद एवं कांस्टेबल के 15 पद रिक्त हैं। उन्होंने बताया किसमय-समय पर सीधी भर्ती एवं पदोन्नति परीक्षाओं का आयोजन किया जाकर रिक्त पदों को भरा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित