मनीला , जुलाई 23 -- अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को यहां आसियान सम्मेलन की दौरान बैठक की तथा यूक्रेन एवं पश्चिम एशिया युद्ध के मुद्दे पर गहरे मतभेद को लेकर चर्चा की।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने अमेरिका-रूस संबंधों तथा रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए आगे का रास्ता तलाशने पर विचार-विमर्श किया। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी पत्रकारों के इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि क्या रूस, अमेरिकी बलों पर हमलों में ईरान की मदद कर रहा है या यूक्रेन में अपने सैन्य अभियान को रोकने के लिए तैयार है।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बताया कि श्री लावरोव ने श्री रुबियो को यूक्रेन में मोर्चे की ताजा स्थिति से अवगत कराया और इस बात पर जोर दिया कि कीव को आगे हथियार उपलब्ध कराना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री लावरोव ने यह भी दोहराया कि रूस इस संघर्ष के राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान के लिए तैयार है।

बैठक से पहले श्री रुबियो ने कहा था कि वार्ता में यूक्रेन का मुद्दा प्रमुख रहेगा, लेकिन मतभेदों के बावजूद रूस के साथ संवाद बनाए रखना आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित