नयी दिल्ली , सितम्बर 30 -- आसियान देशों और भारतीय नौसेना के बीच समुद्री अभ्यास (एआईएमई-2026) का दूसरा संस्करण फिलीपींस के सुबिक बे में चल रहा है।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि सोमवार से शुरू हुए इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि और आईएनएस कुलिश के साथ आसियान देशों के युद्धपोत हिस्सा ले रहे हैं।
'विश्वास में मजबूती, समुद्र में एकजुटता' थीम के तहत हो रहे इस अभ्यास का उद्देश्य भारत और आसियान देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी समझ, सहयोग और साथ मिलकर काम करने की क्षमता बढ़ाना है।
अभ्यास के उद्घाटन समारोह में फिलीपींस में भारत के राजदूत हर्ष कुमार जैन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए और उन्होंने सभी देशों के नौसैनिकों को संबोधित किया।
अभ्यास के बंदरगाह चरण में विशेषज्ञों के बीच बातचीत, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां, सामुदायिक कार्यक्रम और संचालन से जुड़े अभ्यास होंगे। इसके बाद समुद्री चरण शुरू होगा, जिसमें भाग लेने वाली नौसेनाएं संयुक्त समुद्री अभ्यास और अन्य संचालन गतिविधियां करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित