हैदराबाद , मई 11 -- तेलंगाना के भुवनगिरी लोकसभा से कांग्रेस सांसद चमला किरण कुमार रेड्डी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हैदराबाद दौरे के दौरान राजनीतिक बयानबाज़ी करने का आरोप लगाया, जबकि उन्होंने पहले यह आश्वासन दिया था कि राजनीति पर चर्चा नहीं करेंगे।
कांग्रेस सांसद ने आज यहां जारी वीडियो बयान में कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केवल प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान तेलंगाना से संबंधित लंबित मुद्दों के समाधान में केंद्र से सहयोग की मांग की थी। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री ने कई मौकों पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की और राज्य के विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए ज्ञापन प्रस्तुत किए।
श्री रेड्डी ने प्रधानमंत्री के हैदराबाद में दिये गये बयान का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि श्री मोदी ने विकासात्मक मुद्दों से भटककर राजनीतिक टिप्पणियों की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया था कि तेलंगाना के विकास के लिए उतना ही समर्थन प्रदान किया जाए, जितना कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में गुजरात को मिला था।
उन्होंने इसे विडंबना बताया कि श्री मोदी ने कथित तौर पर कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के समान समर्थन दिया गया होता तो तेलंगाना को वर्तमान सहायता का आधा भी नहीं मिलता। उन्होंने यह भी कहा कि कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान केवल तब स्थापित हुए जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी।
श्री रेड्डी ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में आने के बाद से केवल सांप्रदायिक विभाजन को बढ़ावा देने और विपक्षी दलों को कमजोर करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंंत्री मोदी का राजनीतिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भाजपा देश में एकमात्र प्रमुख शक्ति बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित