यूजीन (अमेरिका) , अगस्त 08 -- भारतीय एथलीट आशीष यादव ने विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता। इसी के साथ वह इस स्पर्धा में पोडियम तक पहुंचने वाले दूसरे भारतीय एथलीट बन गये हैं।स्टार भाला फेंक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने इस उपलब्धि पर उनकी सराहना की है।
एथलीट आशीष यादव ने शुक्रवार को हुए मुकाबले के तीसरे राउंड में 74.09 मीटर का थ्रो करके अंडर 20 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीका के जान-हेन्ड्रिक हेमन्स ने 80.50 मीटर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक जीता। डोमिनिका के एडिसन जेम्स ने 73.89 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। भारत के टी. धरणीधरन छठे स्थान पर रहे, उनका बेस्ट थ्रो 72.35 मीटर था।
यह पहली बार है जब किसी भाला फेंक एथलीट ने 80 मीटर या उससे ज़्यादा का थ्रो करके अंडर-20 जैवलिन में स्वर्ण पदक जीता है, इससे पहले 2016 में नीरज चोपड़ा ने 86.48 मीटर का थ्रो करके जीत हासिल की थी (जो कि अभी भी अंडर-20 विश्व रिकॉर्ड है)।
नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर आशीष यादव की फोटो साझा करते हुए लिखा, " अंतरराष्ट्रीय स्तार परर भारतीय एथलीटों को मुकाबला करते और जीतते देखना हमेशा बहुत अच्छा लगता है, लेकिन एक जैवलिन थ्रोअर के तौर पर यह मेरे लिए थोड़ा और खास है। U-20 वर्ल्ड्स में सिल्वर मेडल जीतने पर मुझे तुम पर बहुत गर्व है आशीष, यह तो बस शुरुआत है।"जब भारतीय एथलीट ने अपना बेस्ट मार्क हासिल किया, तब तक हेमैन्स काफी आगे निकल चुके थे। दक्षिण अफ्रीकी एथलीट ने 76.92 मीटर के साथ शुरुआत की और अपने पांचवें प्रयास में इसे बेहतर करते हुए 79.42 मीटर तक पहुँचाया, और फिर अपने आखिरी थ्रो में 80.50 मीटर का विनिंग थ्रो किया।
आशीष ने फाइनल की शुरुआत 69.96 मीटर के साथ की, लेकिन उनका दूसरा प्रयास फाउल हो गया। उन्होंने अपने तीसरे थ्रो में 74.09 मीटर का थ्रो किया, जिससे उन्हें सिल्वर मेडल मिला। इसके बाद उन्होंने अपने आखिरी तीन प्रयासों में 72.31 मीटर, 70.62 मीटर और 67.98 मीटर की दूरी तय की।
आशीष ने 74.49 मीटर के अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ फाइनल में जगह बनाई थी; यह रिकॉर्ड उन्होंने इसी साल पटियाला में हुई इंडियन ओपन थ्रोज़ प्रतियोगिता में बनाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित