चंडीगढ़ , अगस्त 22 -- पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ बलजीत कौर ने शनिवार को बताया कि सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान अब तक आशीर्वाद योजना के तहत 75,199 लाभार्थियों को 383.52 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की है।
डॉ. कौर ने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के समय वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सम्मान और आर्थिक सुरक्षा के साथ नयी जिंदगी की शुरुआत करने में मदद मिल सके। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति वर्ग के 42,203 लाभार्थियों को 215.24 करोड़ रुपये तथा आर्थिक रूपसे कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और पिछड़ी श्रेणियों के 20,212 लाभार्थियों को 103.08 करोड़ रुपये की सहायता दी गयी।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक अनुसूचित जाति वर्ग के 8,774 लाभार्थियों को 44.75 करोड़ रुपये और ईडब्ल्यूएस तथा पिछड़ी श्रेणियों के 4,010 लाभार्थियों को 20.45 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि आशीर्वाद योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को बेटी के विवाह के लिए 51,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां भी योजना का लाभ ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी का पंजाब का स्थायी निवासी होना जरूरी है। परिवार गरीबी रेखा से नीचे होना चाहिए तथा सभी स्रोतों से परिवार की वार्षिक आय 32,790 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
डॉ कौर ने बताया कि वित्तीय सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से जमा की जाती है, जिससे राशि का पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जिला एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से पात्र आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह से पहले बिना देरी के आर्थिक सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गरीब, आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य सभी वर्गों का समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित