चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को निर्देश दिया है कि आशा कार्यकर्ताओं और उनके सहायकों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की मांग को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाये।
कैबिनेट उप-समिति के अध्यक्ष के रूप में कर्मचारी संगठनों की समस्याओं की समीक्षा करते हुए श्री चीमा ने गुरुवार को कहा कि मौजूदा योजना, जो केंद्र और राज्य के बीच 60:40 के अनुपात पर आधारित है, के तहत प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी जरूरी है।
बैठक के दौरान उन्होंने आशा वर्करों की सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग को निर्देश दिये कि सभी आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटर्स के लिए जीवन बीमा कवर सुनिश्चित करने हेतु किसी बैंकिंग संस्थान के साथ समझौता किया जाये। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मांगों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें बिना देरी के तुरंत निपटाया जाये।
वित्त मंत्री ने बिजली क्षेत्र के कर्मचारियों की समस्याओं पर भी ध्यान देते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल ) और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड ( पीएसटीसीएल ) को ठेका कर्मचारियों के लिए ठोस नीति बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगों और उनकीकार्य परिस्थितियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, चीमा ने पंजाब पुलिस के कोरोना योद्धाओं के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार अपने कर्मचारियों के साथ खड़ी है और उनकी जायज मांगों का निष्पक्ष समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें और समस्याएं सरकार के समक्ष रखीं, जिन पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित