शिवपुरी , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में पीएम जनमन आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिला प्रशासन ने दो नोडल अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आवास निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक के दौरान योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही और निर्देशों की अवहेलना सामने आई। इस पर कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत कोलारस के नोडल अधिकारी गोपाल कृष्ण शर्मा तथा जनपद पंचायत खनियाधाना के नोडल अधिकारी जय राम भगत को निलंबित कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि योजना के तहत आवास निर्माण कार्य में प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित