बैतूल , अगस्त 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर युवती के यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत में पदस्थ रोजगार सहायक ने आवास स्वीकृत कराने का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवती अपने नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेना चाहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक से हुई। आरोप है कि रोजगार सहायक ने युवती को उसकी आवास योजना की फाइल आगे बढ़ाने और आवास स्वीकृत कराने का भरोसा दिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की धमकी भी दी। इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित