सुकमा , सितंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने गुरुवार को सुकमा प्रवास के दौरान पोटाकेबिन और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत केरलापाल में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित 'पंचायत कैफे' का शुभारंभ करने के साथ आठ ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पोटाकेबिन, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान से जुड़े अधीक्षकों और कर्मचारियों की समीक्षा बैठक में यादव ने कहा कि आवासीय संस्थानों में रहने वाले बच्चों को सुरक्षित और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को संस्थानों के नियमित निरीक्षण के लिए रोस्टर व्यवस्था लागू करने तथा जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वाले अधीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्रावास और भोजनालय परिसरों में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने को कहा। साथ ही रसोइयों के स्वास्थ्य और स्वच्छता की नियमित निगरानी तथा रसोई में नशे की हालत में प्रवेश और गुटखा सेवन पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने बच्चों के लिए प्रतिदिन न्यूनतम चार घंटे गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का टाइम-टेबल बनाने तथा पोटाकेबिनों में उपलब्ध टीवी, प्रोजेक्टर और विज्ञान प्रयोगशालाओं का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पीटी, व्यायाम और खेल गतिविधियों को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के साथ विद्यार्थियों में अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के विकास पर भी जोर दिया।
श्री यादव ने 'संवारी बैगलेस डे' पर विद्यार्थियों को सुकमा क्षेत्र में नक्सल मुठभेड़ों में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों की गाथाओं से परिचित कराने के निर्देश दिए। छात्राओं को महिला कमांडेंट के माध्यम से आत्मरक्षा प्रशिक्षण और स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को पुलिस विभाग के सहयोग से बैंड प्रशिक्षण दिलाने को भी कहा।
उन्होंने विद्यार्थियों का प्रत्येक माह स्वास्थ्य परीक्षण कराने और लंबे अवकाश के बाद लौटने वाले बच्चों की विशेष स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिना सूचना अनुपस्थित विद्यार्थियों के परिजनों से अधीक्षकों को संपर्क करने तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मचारी की व्यवस्था करने को कहा।
इससे पहले केरलापाल में यादव ने जिला पंचायत द्वारा निर्मित 'पंचायत कैफे' का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाएं इसका संचालन करेंगी। कैफे परिसर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय की सुविधा भी विकसित की गई है। यादव ने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके बनाए नाश्ते और चाय का स्वाद लिया तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 1.14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आठ फोर्स ट्रैक्स 'तूफान' वाहनों को ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस के रूप में रवाना किया गया। कृतिका चिंतलनार, विद्या दुब्बाटोटा और खुशी महिला संकुल संगठन को दो-दो तथा उदय एर्राबोर और प्रतिज्ञा संकुल संगठन को एक-एक वाहन दिया गया। इन वाहनों का उपयोग अंदरूनी क्षेत्रों में आवागमन और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में किया जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि पंचायत कैफे और ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस जैसी पहल से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर, महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, धनीराम बारसे, अरुण सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, जनपद सदस्य भीमा मड़कम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित