भोपाल , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र में उनके ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर आवारा पशुओं की गंभीर समस्या पर विस्तृत चर्चा हुई थी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सहित सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने समस्या की गंभीरता स्वीकार की थी।

श्री सिंह ने कहा कि तत्कालीन पशुपालन मंत्री लखन पटेल और सरकार के अन्य मंत्रियों ने किसानों तथा आमजन को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए शीघ्र ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। सरकार ने सदन में दिए गए आश्वासनों पर अब तक कोई अमल नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान आवारा पशुओं की समस्या से बेबस और लाचार है। किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए रात-दिन खेतों में पहरा देने को मजबूर हैं। इसके बावजूद आवारा पशुओं के झुंड खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, जिससे किसान लगातार आर्थिक संकट और कर्ज के दलदल में फंसते जा रहे हैं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि समस्या केवल खेतों तक सीमित नहीं है। प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और बेगुनाह नागरिकों की जान जा रही है।

श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने बड़ी गोशालाएं बनाने और पशु मालिकों पर जुर्माना लगाने के जो दावे किए थे, वे पूरी तरह कागजी और खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने सरकार से कुंभकर्णी नींद से जागने और विधानसभा में दिए गए आश्वासनों को पूरा करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल ब्लॉक और जिला स्तर पर ठोस कार्ययोजना लागू कर किसानों को इस गंभीर समस्या से राहत दिलाए, अन्यथा कांग्रेस किसानों के हक में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित